Patna: सकतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारी को गोली लगने के मामले में दरभंगा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती दौर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर घायल करने की बात सामने आई थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पुलिसकर्मियों के बयान के विश्लेषण में मामला अलग निकला. सकतपुर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधइकारी (एएसआई) रणधीर कुमार को सरकारी पिस्टल के अतिरिक्त रखे गए एक अवैध पिस्टल से अचानक गोली चलने के कारण चोट लगी थी. मामले में एएसआई को निलंबित कर दिया गया है, जबकि घटना के दिन तथ्य छिपाने के आरोप में चालक सिपाही और एक महिला सिपाही को भी निलंबित किया गया है.
अज्ञात हमलावर के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को सकतपुर थाना में पदस्थापित एएसआई रणधीर कुमार को गोली लगी थी. शुरुआत में उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर घायल करने की बात बताई थी. उनके फर्दबयान के आधार पर सकतपुर थाना (कांड संख्या 139/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक, बहेड़ा को अनुसंधानकर्ता और बेनीपुर एसडीपीओ को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई. जांच के दौरान घटनास्थल का सत्यापन किया गया. सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन, पुलिस वाहन के जीपीएस लोकेशन और संबंधित पुलिसकर्मियों एवं गवाहों के बयानों का बारीकी से विश्लेषण किया गया.
अवैध पिस्टल से अचानक चली थी गोली
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को दोपहर करीब 2:45 से 3 बजे के बीच एएसआई रणधीर कुमार दिवा गश्ती में प्रतिनियुक्त पुलिस बल के साथ बहुअरवा की ओर से लौट रहे थे. इसी दौरान सरकारी पिस्टल के अतिरिक्त रखे गए एक अन्य अवैध पिस्टल से अचानक फायर हो गया. गोली रणधीर कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे आर-पार हो गई. इसके बाद गोली का अगला हिस्सा पुलिस वाहन के गेट में जाकर फंस गया.
थाना परिसर से भी बरामद हुई देशी पिस्तौल
पुलिस वाहन के गेट में फंसी गोली को एफएसएल टीम ने बरामद किया. वहीं, थाना परिसर में छिपाकर रखी गई अवैध देशी पिस्तौल भी एफएसएल टीम और थाना के पदाधिकारियों ने बरामद कर जब्त की. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारने की शुरुआती कहानी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर असत्य पाई गई.
एएसआई पर दोबारा प्राथमिकी, किया गया निलंबित
तथ्यों को छिपाने और अवैध आग्नेयास्त्र रखने के आरोप में एएसआई रणधीर कुमार के विरुद्ध सकतपुर थाना (कांड संख्या 142/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल वह दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में इलाजरत हैं. पुलिस ने उन्हें निलंबित कर दिया है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया की जा रही है.
चालक और महिला सिपाही भी निलंबित
घटना के दिन गश्ती दल में चालक सिपाही निलेश कुमार, महिला सिपाही मधु कुमारी, गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान और महिला गृह रक्षक चंदन कुमारी शामिल थे. पूछताछ के दौरान तथ्य छिपाने के आरोप में चालक सिपाही निलेश कुमार और महिला सिपाही मधु कुमारी को निलंबित किया गया है. वहीं, दोनों गृह रक्षकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी, दरभंगा को अनुशंसा भेजी गई है. गश्ती दल के अन्य कर्मियों की संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है.
