चतरा में टेरर फंडिंग मामले में एनआईए के गवाह का अपहरण के बाद की बेरहमी से हत्या जंगल मे फेक शव, इलाके में दहशत
Ranchi: चतरा में टेरर फंडिंग मामले में एनआईए के गवाह का अपहरण के बाद की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को जंगल मे फेका दिया. घटना के बाद इलाके के लोग दहशत में है. पुलिस मुखबिरी के आरोप में भी घटना को अंजाम दिये जाने की आशंका जताई जा रही है. मृतक की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के लंबुवा गांव निवासी विष्णु साव उर्फ भुवनेश्वर साहू के रूप में कई गई है. जानकारी के मुताबिक रविवार अहले सुबह मृतक मवेशी लेकर जंगल जाने क्रम में चार-पांच हथियारबंद नक्सलियों ने चतरा और लातेहार के सीमा पर स्थित जंगल में अपहरण के बाद धारदार हथियार से हत्या कर दी. विष्णु साव टेरर फंडिंग मामले की जांच कर रही एनआईए का सरकारी गवाह भी था. टंडवा थाने में दर्ज (22/18) में टीपीसी के सुप्रीमो समेत अन्य आरोपित हैं. मामले में कई उग्रवादी समेत अन्य लोग जेल में बंद हैं. घटना की सूचना मिलते ही एसपी विकास पांडेय, चतरा एसडीपीओ और टंडवा एसडीपीओ बरवार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. एसपी ने कहा है कि प्रथम दृष्टया घटना अपराधियों द्वारा अंजाम दिए जाने की ओर इशारा कर रही है. अपहरण करने वाले अपराधी नकाब पहने हुए थे. अगर नक्सली घटना को अंजाम देते तो वे अपना चेहरा नहीं छिपाते. मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और हत्यारों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है. पुलिस सभी संभावित इलाकों में छापेमारी कर रही है. हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
परिजनों के अनुसार विष्णु साव अहले सुबह अपनी मां के साथ मवेशी लेकर जंगल जा रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए हथियारबंद नकाबपोश नक्सलियों ने उसका अपहरण कर लिया और पहाड़ की ओर ले गए. जिसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही टंडवा थाना की टीम ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया. सर्च के दौरान पुलिस ने पहाड़ की झाड़ी से विष्णु का शव बरामद किया. परिजनों के अनुसार मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने विष्णु की हत्या को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि मृतक लंबे समय से टीपीसी के रडार पर था.
