Ranchi: उमरा यात्रा के नाम पर आठ लोगों से कुल 6.95 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में सिमडेगा पुलिस ने प्राथमिकी आरोपी कौशर अली को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर एक व्यक्ति से 80 हजार रुपये और सात अन्य लोगों से 6.15 लाख रुपये लेने का आरोप है. पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार, सिमडेगा थाना क्षेत्र के मुजाहिद मोहल्ला, खैरनटोली निवासी मोहम्मद राफिक कादरी ने लिखित आवेदन देकर ठगी की शिकायत की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कौशर अली ने उन्हें और सात अन्य लोगों को उमरा यात्रा के लिए सऊदी अरब ले जाने के नाम पर रुपये लिए, लेकिन निर्धारित उद्देश्य पूरा नहीं किया. मामले में शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना (कांड संख्या 133/26) में मामला दर्ज किया गया. एसपी के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी कौशर अली (करीब 35 वर्ष), पिता स्वर्गीय मंसूर आलम, का स्थायी पता एच-207, सेक्टर-15, राउरकेला, थाना सेक्टर-15, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा बताया गया है. उसका वर्तमान पता महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास जीवन बाग स्थित बनो टावर के फ्लैट नंबर 205 का है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और रुपये के लेन-देन से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed