Patna: इंटरस्टेट साइबर अपराधियों को फर्जी सिम कार्ड मुहैया कराने वाले गिरोह के खिलाफ भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. भागलपुर एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बांका जिले के हरचण्डी चौक से एक POS एजेंट को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी ग्रामीणों के नाम पर फर्जी तरीके से सिम जारी कर उन्हें झारखंड के साइबर अपराधियों को बेचता था. गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार बांका जिले के नवादा थाना क्षेत्र के पदमपुर का रहने वाला है. गिरफ्तार आरोपी के पास से 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
ग्रामीणों को खबर तक नहीं, जारी हो गए 72 फर्जी सिम
पटना स्थिति साइबर क्राइम सिक्योरिटी यूनिट (CCSU) से मिली इनपुट के आधार पर हुई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. आरोपी POS एजेंट ग्रामीणों का मोबाइल नंबर पोर्ट (Port) कराने के नाम पर उनकी जानकारी के बिना फर्जी सिम जारी कर लेता था. बीते 8 महीनों में वोडाफोन कंपनी के लगभग 72 फर्जी सिम कार्ड जारी किए गए, जिनका इस्तेमाल झारखंड के साइबर ठगों द्वारा कुल 124 साइबर अपराधों को अंजाम देने में किया गया. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
