Patna: पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर 3000 रुपये रिश्वत मांगने और आवेदक का पासपोर्ट गलत तरीके से रिजेक्ट कराने के आरोप में गोपालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी ने भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष एसआई संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
एसपी ने स्पष्ट किया है कि पासपोर्ट सत्यापन जैसे नागरिक-केंद्रित कार्य में किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी, अनियमितता या नियम-विरुद्ध कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कर्तव्य निर्वहन का निर्देश दिया है. भविष्य में भी भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनसार गोपालगंज एसपी को शिकायत मिली थी कि भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर अनियमितता कर रहे हैं और रिश्वत की मांग कर रहे हैं. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मुख्यालय डीएसपी से प्रारंभिक जांच कराई गई. जांच में आरोप सही पाए गए.
जांच में खुला भ्रष्टाचार
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपी पदाधिकारी ने आवेदक सुजय कुमार से पासपोर्ट सत्यापन के बदले 3000 रुपये रिश्वत मांगी थी. रिश्वत नहीं देने पर उन्होंने पुराने एक मामले का हवाला देते हुए जिसमें आवेदक पहले ही निर्दोष साबित हो चुका था, उसका पासपोर्ट अनुचित रूप से Reject करवा दिया. जांच में संबंधित अधिकारी का आचरण “घोर लापरवाही, कदाचार एवं भ्रष्टाचार” की श्रेणी में पाया गया.
उपलब्ध तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है. उन्हें आरोपों के संबंध में निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश दिया गया है.
