Ranchi: बोकारो जिले में आमजनों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए हर सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है. इसी कड़ी में गुरुवार को सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी द्वारा थाना दिवस का आयोजन किया गया. थाना दिवस में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी भी शामिल हुए. इस दौरान सभी थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की कुल 86 शिकायतें सुनी गईं. इसमें से 70 मामलों का निष्पादन संयुक्त रूप से कर दिया गया. 15 मामले लंबित हैं और 01 मामले में कांड दर्ज किया गया है.
किस तरह की थीं शिकायतें
आयोजित थाना दिवस में मुख्यतः जमीन का बंटवारा, जमीन के कागजात प्रस्तुत नहीं करना, दूसरे की जमीन पर दावा, एक पक्ष का अनुपस्थित रहना जैसे मामले आए. इसके अलावा राजस्व मामले और अन्य आपसी विवाद भी शामिल थे. पुलिस के अनुसार थाना दिवस आयोजन से आमजनों में विश्वास की भावना उत्पन्न हुई है. लोगों को लग रहा है कि उनकी समस्याओं को सुना और समझा जा रहा है तथा त्वरित गति से निष्पादन किया जा रहा है. पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि आपसी विवाद/मारपीट से परहेज करें. किसी प्रकार की आपसी शिकायत है तो आयोजित होने वाले थाना दिवस में अपनी समस्या रखें.
