Patna: मोतिहारी पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. मुफस्सिल थाना पुलिस की कार्रवाई में गैंग के मुख्य सरगना सहित 9 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में मोतिहारी जिले क मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़हरवा के रहने वाले मुख्य सरगना पूर्व बर्खास्त सिपाही बिदुर सहनी, अरविन्द कुमार, बासमनपुर के रहने वाले राम प्रवेश भगत, कुन्दन कुमार, चंदेश्वर गिरी, अनिल ठाकुर, अमिरी पंडित, भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहिया निवासी आकाश कुमार और प्रदीप कुमार जयसवाल का नाम शामिल है. मौके पर से 34,000 भारतीय रुपये, CHILDREN BANK OF INDIA अंकित जाली नोट 4,00,000 रुपये, 2100 के नोट के आकार के सादे कागज, एक देशी कट्टा, एक गोली, 8 मोबाइल, पुलिस वर्दी और तीन बाईक पुलिस ने बरामद किया है.

बिहार पुलिस से बर्खास्त सिपाही चला रहा था गिरोह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि बिहार पुलिस से बर्खास्त सिपाही बिदुर सहनी जाली नोट के कारोबार और ठगी करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना है. वह अपने सहयोगियों के साथ हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करता है और रुपये को दोगुना/तीन गुना करने का लालच देकर जाली नोटों के माध्यम से लोगों को ठगता है. सूचना के आधार पर कुवारी देवी चौक पर छापेमारी की गई. छापेमारी में बिदुर सहनी और उसके दो सहयोगियों आकाश और प्रदीप को जाली नोट एवं नगद राशि के साथ गिरफ्तार किया गया. बिदुर सहनी की निशानदेही पर ग्राम बासनपुर स्थित गिरोह के अन्य सदस्यों के घरों में भी छापेमारी की गई. अमिरी पंडित के घर से बर्दी का 3 पैन्ट, 02 शर्ट और 01 बेल्ट बरामद हुए. वहीं राम प्रवेश भगत, कुन्दन कुमार और चंदेश्वर गिरी के घर से जाली नोट, सादे नोट का बंडल बरामद किया गया. कुंदन कुमार के घर से 1 देशी कट्टा और 1 गोली भी मिला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed