Patna: सोशल मीडिया पर हथियार के साथ डांस करने वाली एक महिला को दरभंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसिया में की गई. गिरफ्तार महिला लाछो देवी के निशानदेही पर एक खाली मैगजीन लोडेड पिस्टल, दो गोली, मोबाइल और नगद पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार 29 जुलाई धनश्यामपुर थानाध्यक्ष के सरकारी नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ. वीडियो में एक महिला पिस्टल के साथ डांस करती दिख रही थी. वीडियो का सत्यापन विभिन्न महाल के चौकीदारों से कराया गया तो पता चला कि वीडियो में दिख रही महिला ग्राम सिरसिया निवासी राम गुलाम यादव की पत्नी है. सूचना पर छापामारी दल का गठन कर राम गुलाम यादव के घर विधिवत छापेमारी की गई. तलाशी में घर में रखे बक्से से मैगजीन लगी एक पिस्टल, 1 अतिरिक्त मैगजीन, 2 गोली, 160 रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस ने हथियार और गोली को जप्त कर लाछो देवी को गिरफ्तार कर लिया.
