Patna: बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को राजधानी पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय से ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ का शुभारंभ किया. इसके साथ ही NEET और JEE की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम की भी शुरुआत की गई.
क्या है ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’
मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी हाई स्कूलों में ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ शुरू करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज के तहत पटना के 10 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों में इंजीनियरिंग JEE और मेडिकल NEET प्रवेश परीक्षा के लिए निःशुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के दौरान राजधानी के 10 चयनित मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों को लाइव क्लास व्यवस्था से जोड़ा गया. मुख्यमंत्री ने राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में बिहार स्मार्ट लाइव क्लास रूम के ‘लोगो’ का लोकार्पण किया और दो अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास रूम तथा इंटरएक्टिव पैनल आधारित आधुनिक शिक्षण व्यवस्था का उद्घाटन किया. इससे शिक्षण अधिक प्रभावी और छात्र-केंद्रित होगा.
खेल और विज्ञान को भी बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने विद्यालय की बॉयोलॉजी लैब, फिजिक्स लैब, ICT लैब, स्पोर्ट्स रूम और म्यूजिक रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने छात्रों से बात कर उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यार्थियों और हॉकी में बेहतर करने वाली छात्राओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित कर हॉकी किट वितरित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का समान अवसर देना है. यह पहल बिहार को शिक्षा में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी. कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, BSEB अध्यक्ष डॉ० त्याग राजन एस०एम०, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
7 स्वयंसेवी संस्थाओं से हुआ MoU
शिक्षा में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने 7 स्वयंसेवी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन MoU पर हस्ताक्षर किए. इनमें लॉर्ड्स एजुकेशन एण्ड हेल्थ सोसायटी / वाधवानी AI, खान एकेडमी इंडिया, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, AXL, PI जैम फाउंडेशन, मंत्रा4 चेंज और शिक्षा लोकम फाउंडेशन शामिल हैं. इन संस्थानों के सहयोग से AI, FLN, STEM, कोडिंग, डिजाइन थिंकिंग, शिक्षक क्षमता निर्माण और डेटा-आधारित शैक्षणिक प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में काम होगा. विद्यार्थियों को यह सभी सुविधा निःशुल्क मिलेगी.
