Ranchi: श्रद्धा और आस्था के महापर्व ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव में गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सम्मिलित हुए. इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान से श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया. इस दौरान ‘जय जय जगन्नाथ’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा. मुख्यमंत्री के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने भी जयकारे लगाए. मुख्यमंत्री ने इस भक्ति एवं समर्पण के पर्व रथयात्रा की समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

तोरणद्वार निर्माण की घोषणा

रथयात्रा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता को और बड़ी पहचान दिलाने की बात कही. उन्होंने घोषणा की कि रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर की दूर से ही पहचान हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर एक भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा. रथयात्रा महोत्सव का पूरे साल श्रद्धालुओं द्वारा इंतजार किया जाता है और आने वाले समय में इस मेले को और सफल तथा प्रभावी बनाया जाएगा. इस अवसर पर मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed