Patna: वर्दी के बिना थाने के ओ0डी0 डेस्क पर बैठने का एक वीडियो वायरल होने के बाद पटना ग्रामीण पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. अथमलगोला थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. ग्रामीण एसपी बाढ़-2 एसडीपीओ के जांच रिपोर्ट के आधार पर एएसआई अंजनी कुमार के विरुद्ध यह कार्रवाई किया है.
सोशल मिडिया पर वायरल हुआ था विडियो
मिली जानकारी के अनुसार मामला 14 जुलाई की रात का है. एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें एक पुलिस पदाधिकारी लुंगी और बनियान में ओ0डी0 डेस्क पर बैठे दिख रहे थे. वीडियो की जांच एसडीपीओ बाढ़-2 को सौंपी गई. जांच में पता चला कि पदाधिकारी 14 जुलाई को सुबह 10 बजे थाना (कांड संख्या-229/26) में दर्ज मामले के एक मामले में कागजात लेने थाने आए थे. वे लगभग 13 मिनट तक बिना निर्धारित वर्दी के थाना परिसर में रहे. सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हुई. ग्रामीण एसपी ने कहा कि ओ0डी0 डेस्क आम जनता का पुलिस से संपर्क का पहला स्थान है. ऐसे में बिना वर्दी के उपस्थित होना न केवल विभागीय अनुशासन के खिलाफ है बल्कि इससे पुलिस की छवि भी धूमिल होती है. जांच रिपोर्ट के आधार पर पदाधिकारी के खिलाफ अनुशासनहीनता और आचरण नियमों के उल्लंघन का आरोप तय कर अनुशासनिक जांच के आदेश दिए गए हैं.
