Patna: गुमला एसपी को मिली गुप्त सूचना पर घाघरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्कर सफेद रंग की Swift Dzire और बिना नंबर प्लेट की Scorpio से नशे की खेप ले जा रहे थे. मौके से 5 मोबाइल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजु भी बरामद हुई है. गिरफ्तार आरोपी में गुमला थाना क्षेत्र के सिलाफारी के रहने वाले रौशन साहु, पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के नेचुआ निवासी रोहित कुमार और गढ़वा जिले के सोनपुरवा के रहने वाले रोहित कुमार उर्फ दीपक का नाम शामिल है.
नेतरहाट रोड पर लगा था चेकनाका
मिली जानकारी के अनुसार गुमला एसपी को सूचना मिली कि घाघरा थाना क्षेत्र में सफेद Swift Dzire (JH01ER 5841) और सफेद Scorpio से ब्राउन शुगर की तस्करी हो रही है. सूचना पर घाघरा थाना प्रभारी घाघरा के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित हुई. टीम ने घाघरा थाना क्षेत्र के नेतरहाट रोड नगड़ी ढलान के पास चेकनाका लगाया. वाहन चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्ध गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गाड़ी में 256 ग्राम ब्राउन शुगर है.
