Ranchi: साइबर अपराध की राजधानी कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की. एसपी को मिली गुप्त सूचना पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में टीम ने 2 जगह छापेमारी कर 3 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह-शेखपुरा जंगल और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी मैदान, खजूर पेड़ के नीचे तीनों आरोपी को दबोचा गया. गिरफ्तार आरोपी मं जामताड़ा थाना क्षेत्र के नवाडीह निवासी सनातन दास, पसोई निवासी नितेश दास और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के लोहरबधा निवासी सिराज अंसारी का नाम शामिल है. मौके पर से 9 मोबाइल औऱ 22 सिम कार्ड पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार साईबर अपराधी देश के विभिन्न राज्यों में ठगी करते थे.
ठगी का तरीका
सनातन दास और नितेश दास गूगल पर यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के नाम से सर्च कर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डाल देते थे. ग्राहक जब हेल्प के लिए कॉल करते तो ये ठगी कर लेते थे. वहीं सिराज अंसारी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था और क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड लेने के नाम पर साइबर ठगी करता था. इस संबंध में साइबर थाना (कांड संख्या 36/26) में मामला दर्ज किया गया है.
