Patna: मोतिहारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर हत्या की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में गवाह की हत्या के लिए 5 लाख की सुपारी लेकर आए 2 शूटरों को देशी पिस्टौल और गोली के साथ गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी में नीरज तिवारी और कुंदन ठाकुर उर्फ अवनीश ठाकुर का नाम शामिल है. आरोपी के पास से 1 देशी पिस्टौल, 5 गोली और 2 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. नीरज तिवारी लूट, आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम के पुराने मामलों में आरोपी है.
कैसे पकड़े गए आरोपी
अरेराज एसडीपीओ को गुप्त सूचना मिली कि डुमरियाघाट के पहल चौक स्थित चंदन सिंह ढाबा के पास कुछ अपराधी गंभीर वारदात की प्लानिंग कर रहे हैं. सूचना पर चकिया एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनाकर छापेमारी की गई. मौके से नीरज तिवारी और कुंदन ठाकुर उर्फ अवनीश ठाकुर को दबोच लिया गया. आरोपी के पास से देशी पिस्टौल, गोली और मोबाईल बरामद किया गया.
जेल से चल रही थी साजिश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार नीरज तिवारी अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की तैयारी कर रहा था. पकड़ीदयाल थाना (कांड संख्या 97/16) में दर्ज हत्या मामले में दोषी राणा सिंह ने जेल से अपने सहबंदी सूरज तिवारी के जरिए गवाह माधोलाल सहनी की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी.
