Patna: निगरानी की टीम ने पूर्णिया स्थित बिहार शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. निगरानी की टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते सहायक अभियंता को उस समय दबोचा, जब वह परिवादी नंदन कुमार झा से एमबी (मेजरमेंट बुक) पर हस्ताक्षर करने के लिए यह रकम ले रहे थे. वे पूर्णिया स्थित अपने आवास पर ही घूस की रकम ले रहे थे. इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. निगरानी के एडीजी पंकज कुमार दराद ने बताया कि जब यह मामला उनके पास आया, तो उनके स्तर से टीम गठित कर इसका सत्यापन कराया गया. मामला सही पाए जाने के बाद इससे संबंधित कार्रवाई की गई. शिकायतकर्ता नंदन पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र में मौजूद गांव हेमनगर बलुआ के रहने वाले हैं. नंदन के स्तर से दर्ज शिकायत के मुताबिक, मीनापुर थाना क्षेत्र में डगरूआ अंचल में विद्यालय भवन का निर्माण कराया गया था, जिसके बिल के भुगतान के लिए एमबी वैल्यू का छह प्रतिशत की दर से 10 हजार रुपये की मांग सहायक अभियंता भूषण प्रसाद कर रहे थे. इनके खिलाफ एसवीयू में कांड संख्या 14/26 दर्ज की गई है. इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की सुसंगत धाराओं का उपयोग किया गया है. मामला दर्ज होने के बाद कार्रवाई के लिए डीएसपी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर कार्रवाई की गई है.
