Patna: बिहार के सभी 46 सरकारी पोलिटेकनिक संस्थानों (डिप्लोमा) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पोलिटेकनिक के लिए डीसीईसीई-2026 के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जिसकी अंतिम तिथि 21 अप्रैल निर्धारित है.

विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डिप्लोमा कोर्स के प्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. डिप्लोमा (डीसीईसीई)-2026 के लिए भी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. छात्र-छात्राओं के नामांकन मेरिट सूची के आधार पर किए जाएंगे. बिहार सरकार ने इन संस्थानों में छात्र-छात्राओं के लिए अत्यंत किफायती दर पर शुल्क संरचना की है. पोलिटेकनिक संस्थानों में नामांकन के लिए महज पांच रूपये के वार्षिक प्रवेश शुल्क के साथ ट्यूशन फीस के रूप में सिर्फ पांच रूपये प्रति माह की फीस निर्धारित है. इतना ही नहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग छात्रों के लिए निःशुल्क पढ़ाई के विशेष प्रावधान भी किये गए हैं. नामांकन, शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य संबंधित जानकारी के अभ्यर्थी www.bceceboard.bihar.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं.

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अन्य शुल्क के रूप में पोलिटेकनिक संस्थानों के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्रों के लिए 1,500 रूपये का वार्षिक विकास शुल्क देय होगा. साथ ही, छात्र बीमा शुल्क के रूप में 300 रूपये सभी छात्र-छात्राओं के लिए नामांकन के समय देय होगा. इन संस्थानों में छात्र-छात्रों के लिए सभी आधुनिक एवं उभरते पाठ्यक्रम की व्यवस्था की गई है. जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, फायर टेक्नॉलोजी एंड सेफ्टी, इलेक्ट्रॉनिक्स  (रोबोटिक्स) इत्यादि के पाठ्यक्रम शामिल हैं. उत्कृष्ट आधारभूत संरचना, प्रैक्टिकल आधारित शिक्षण और उद्योग उन्मुख कौशल विकास इन संस्थानों की विशेषता है.

राज्य के 44 राजकीय पोलिटेकनिक संस्थानों में नए एवं उभरते हुए विधाओं में सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) की भी स्थापना की गई है. सरकार का उद्देश्य राज्य में तकनीकी शिक्षा को छात्र-छात्राओं के मूल निवास के आसपास ही सुलभ बनाना है ताकि युवाओं को रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed