Patna: पटना जिला अंतर्गत सार्वजनिक एवं निजी विभिन्न प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उप महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिणी एवं अग्निशमन सेवाएं की अध्यक्षता में शुक्रवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में अस्पतालों, होटलों, कोचिंग संस्थानों के निदेशक/प्रबंधन संचालक के साथ अग्नि सुरक्षा के लिए संवेदीकरण-सह-जागरुकता कार्यक्रम एवं अग्नि सुरक्षा प्रबंधन पर चर्चा की गई. बैठक का आयोजन पटना जिला अग्निशमन पदाधिकारी के सौजन्य से किया गया. जिसमें बिहार अग्निशमन सेवा की ओर से जन-सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पटना जिला अंतर्गत संचालित होटलों, अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच एवं प्रत्येक वर्ष अग्नि सुरक्षा प्रमाण-पत्र के लिए अग्निशमन सेवा के अंकेक्षण पोर्टल बिहार फायर एनओसी डॉट जीओवी डॉट इन पर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के लिए संस्थानों को जागरूक किया गया. साथ ही भविष्य में होने वाली संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने से संबंधित बिंदुओं पर बल दिया गया.

पटना जिला अंतर्गत चिन्हित कुल 241 होटल में से 80 होटलों के अग्नि सुरक्षा के समस्त मानक पूर्ण पाए जाने और इसके आधार पर उन्हें विभाग से अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के आंकड़ें पेश किए गए. शेष 151 होटलों में मानकों का आंशिक अनुपालन पाया गया है, जिन्हें सुझाव के तहत वैधानिक निर्देश दिए गए हैं.

इसी क्रम में पटना जिला अंतर्गत कुल 513 अस्पतालों के निरीक्षण के संबंध में बताया गया कि 394 अस्पतालों ने सुरक्षा मानकों का पूर्णतः अनुपालन किया है. इन सभी संस्थानों को नियमानुसार प्रमाण पत्र जारी किया गया है. शेष 119 अस्पतालों में मानकों का आंशिक अनुपालन पाया गया है, जिन पर संबंधित अनुमंडल अग्निशामालय की ओर से सुझाव उपलब्ध करा कर 30 दिनों में मानकों के अनुरूप प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए हैं.

बैठक में उपस्थित संस्थान प्रतिनिधि को अग्नि निकास,  डायल 101/112 का प्रदर्शित करने, विद्युत लोड विश्लेषण सहित न्यूनतम फिक्स फायर अधिष्ठापन करने, वर्ष में 2 बार मॉक ड्रिल कराने संबंधी निर्देश दिए गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed