Patna: फर्जी आधार कार्ड मामले में किशनगंज पुलिस कार्रवाई करते हुए अररिया और खगड़िया में छापेमारी कर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी कुन्दन कुमार खगड़िया जिले के पौड़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया का रहने वाला है. मोबाइल दुकान के आड़ में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने और अवैध आधार कार्ड बनाने का गोरख धंधा चला रहा था. गिरफ्तार कुन्दन कुमार के मोबाईल दुकान से पुलिस ने बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाईल फोन, लेपटॉप और दुकान से फर्जी प्रमाण पत्र, फोटो शॉप शॉफ्टवेयर से बना फर्जी आधार कार्ड, मूल आधार कार्ड एवं आधार कार्ड की छायाप्रति, जाति, निवास, विभिन्न उम्र के व्यक्तियों का जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना के लिए आवेदन पत्र, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, इंडेन गैस एजेंसी का दस्तावेज की लगभग 500 छायाप्रति पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किशनगंज एसपी को सूचना मिली थी कि किश्नगंज के सीमावर्ती क्षेत्र में चोरी-छिपे कुछ लोगों के द्वारा फर्जी दस्तावेज, फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर उसके आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है. एसडीपीओ-2 के नेतृत्व एक विशेष टीम का गठन किया गया था. 2 अप्रैल को विशेष टीम टेढागाछ थाना क्षेत्र में एक किराना दुकान में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर अवैध रूप से गिरोह बनाकर विभिन्न प्रकार के Software, Clone Biometric fingerprint उपयोग कर आधार कार्ड एवं अन्य जाली प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह के मनोहर कुमार को गिरफ्तार किया गया था. इस संबंध में टेढ़ागाछ थाना (कांड संख्या-112/26) में मामला दर्ज किया गया. इस मामले के वांछित नामजद आरोपी एवं इंटरस्टेट गैंग के सक्रिय सदस्य कुदंन कुमार को खगड़िया जिला से गिरफ्तार किया गया. कुंदन कुमार मनोहर कुमार के गैंग के साथ मिलकर मोबाईल दुकान के आड़ में विभिन्न प्रकार के Software, Clone Biometric fingerprint उपयोग कर आधार कार्ड एवं अन्य जाली प्रमाण पत्र बनाने का गोरख धंधा चला रहा था. साथ ही खगड़िया जिला के कई दुकानों पर जा कर आधार कार्ड बनाने की सुविधा प्रदान करता था. गिरोह में शामिल आरोपी के विरूद्ध छापामारी जारी है.
इन सामानो की हुई है बरामदगी
मौके पर से एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर, एक ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर, 7 मुल आधार कार्ड, 47 आधार कार्ड का छायाप्रति, 267 आधार कार्ड का पावती, 17 आधार कार्ड पासबुक व राशन कार्ड टैग किया गया, 6 फोटो व आधार लगा हुआ पेन कार्ड का आवेदन पत्र, 6 जन्म प्रमाण पत्र मुल प्रति, 37 जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति, 1 जन्म प्रमाण पत्र का आवेदन पत्र, राशन कार्ड नम्बर सर्च किया हुआ 05 बंच व 25 पेज, 34 निवास प्रमाण पत्र का छायाप्रति, 15 निवास प्रमाण पत्र पावती का छायाप्रति, 2 जाति प्रमाण पत्र का पावती, 1 जाति प्रमाण पत्र का छायाप्रति, 28 मुख्यमंत्री पेंशन वृद्धजन योजना का ऑनलाइन आवेदन पावती के साथ संलग्न दस्तावेज, 8 मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लिए आवेदन पत्र, 19 इंडेन का उज्जवला स्कीम के तहत केवाईसी किया हुआ दस्तावेज, 1 मुल वोटर आईडी कार्ड, 1 मुल आयुष्मान कार्ड, 1 आय प्रमाण पत्र का छायाप्रति, 2 आय प्रमाण पत्र का पावती और 2 ऑनलाइन जमाबंदी की छायाप्रति पुलिस ने बरामद किया है.
