Patna: उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के सभी नगर निकायों में जलजमाव की समस्या का समय रहते प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था की मजबूती और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की जाए. मंत्री ने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां मानसून शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएं.
इसी क्रम में, जिला दण्डाधिकारी एवं समाहर्त्ता, किशनगंज तथा जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर से प्राप्त अनुशंसा के आलोक में दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. मो. इरफान आलम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, किशनगंज को नगर पंचायत ठाकुरगंज के कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं, श्री प्रिंस कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सिंधिया को नगर परिषद रोसड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है. इन दोनों अधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापन के अतिरिक्त बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 41 के अंतर्गत अन्य नगर निकायों का दायित्व सौंपा गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता और प्रभावशीलता बनी रहे.
मंत्री श्री सिन्हा ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि मानसून 2026 के आगमन से पूर्व सभी नगर निकायों में नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था की सुदृढ़ता, पंपिंग सेट की उपलब्धता तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए.
