Patna: बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है. बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा में कला, विज्ञान और वाणिज्य के लिए 12.92 लाख से अधिक छात्र उपस्थित हुए. इस बार कुल 85.19% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं. 86.23% छात्राएं और 84.09% छात्र सफल घोषित हुए हैं. पूरे राज्य में खुशी और उत्साह का माहौल है. कला, विज्ञान और वाणिज्य में कुल 26 टॉपर्स शामिल हैं. इनमें 19 छात्राएं और 7 छात्र हैं. आर्ट्स में गया की निशु कुमारी ने बाजी मारी. कॉमर्स में पटना की अदिति कुमारी टॉपर रहीं. साइंस में समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अव्वल रहे. इस बार 35 दिनों में रिजल्ट जारी किया गया है.
1 फरवरी से 15 फरवरी के बीच परीक्षा का आयोजन किया गया था. परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच संपन्न हुई. कदाचार रोकने के लिए सख्ती भी देखने को मिली. दो पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा ली गई. रिजल्ट से पहले छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता चरम पर थी. हर कोई अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहा था. घड़ी की सुई पर सभी की नजरें टिकी हुई थीं. सोमवार को करीब 1:40 बजे परिणाम घोषित किया गया.
पूरे देश में आठवीं बार बिहार बोर्ड ने सबसे पहले घोषित किया परीक्षा का परिणामः मंत्री
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) द्वारा आयोजित इंटर मीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित किया.
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश में सबसे पहले आठवीं बार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटर परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है. परीक्षा सम्पन्न होने के बाद 25 दिनों में मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया गया था. इंटर की परीक्षा में कुल 85.19 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं, जिसमें 86.23 फीसदी छात्राएं और 84.09 फीसदी छात्रों की संख्या है. टॉपरों की संख्या 26 है, जिसमें 19 छात्राएं शामिल हैं. आर्ट्स-कॉमर्स में छात्राएं टॉपर रहीं. जबकि साइंस में छात्र टॉप किए हैं. इस मौके पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
कॉमर्स स्ट्रीम में इन लोगों ने किया टॉप
रैंक 1: अदिति कुमारी (पटना) 480 अंक
रैंक 2: माही कुमारी (पटना) 476 अंक
रैंक 3: निशिका श्री (पटना) 475 अंक
आर्ट्स स्ट्रीम में इन लोगों ने किया टॉप
रैंक 1: निशु कुमारी (गया) 479 अंक
रैंक 2: सिद्धि शिखा (सीतामढ़ी), चंद्रदीप कुमार (लखीसराय) और एमडी लकी अंसारी (पूर्णिया) 478 अंक
रैंक 3: नसरीन प्रवीन (प. चंपारण), साजिया अंसारी (नालंदा), निसु कुमारी (दरभंगा) और आदर्श (सहरसा) 477 अंक
साइंस स्ट्रीम में इन छात्रों ने किया टॉप
रैंक 1: आदित्य प्रकाश अमन (समस्तीपुर) 481 अंक
रैंक 2: साक्षी कुमारी (सीतामढ़ी) और सपना कुमारी (नवादा) 479 अंक
रैंक 3 :अनामिका कुमारी (बेगूसराय) 478 अंक
डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय के सभी बच्चे प्रथम श्रेणी से हुए पास
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित पटना के गायघाट में मौजूद डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान, कला एवं वाणिज्य सभी संकायों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है. इस वर्ष कुल 26 छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. विद्यालय का परिणाम में सभी छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर 100 प्रतिशत सफलता दर दर्ज की। द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में कोई भी छात्रा नहीं रही. इस उपलब्धि पर विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है. बल्कि समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी है.
Note:यहाँ देखे परिणाम BSEBResult.INbiharboardonline.bihar.gov.in
results.biharboardonline.com
interbiharboard.com
