Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह 2026 (22-24 मार्च) का दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारा उड़ाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. बिहार के 114 वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गयी है. मुख्यमंत्री ने बिहार दिवस समारोह-2026 के उद्घाटन से पूर्व पटना के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के पवेलियन में लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया. अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संवर्द्धन कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लास, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आई०सी०टी० कक्ष, ईको क्लब बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष, बाल वाटिका आदि का जायजा लिया.
ईवी वाहन समय की मांग, प्रदूषण नियंत्रण में काफी लाभ : परिवहन मंत्री
बिहार दिवस की मौके पर परिवहन विभाग के पवेलियन का मंत्री श्रवण कुमार ने उद्घाटन किया. मौके पर उन्होंने दोपहिया और चारपहिया ईवी वाहनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. मंत्री ने कहा कि ईवी वाहन समय की मांग है। इससे प्रदूषण नियंत्रण में काफी सहायता होगी. मुख्यमंत्री नितीश कुमार के कार्यकाल में राज्य में हरित क्षेत्र 9 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है. पवेलियन को सड़क सुरक्षा की थीम पर तैयार किया गया है. यहां आगंतुकों के बीच सड़क पर सावधानी से वाहन चलाने, हेलमेट पहनने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए पैंफलेट का वितरण भी किया गया. इसके साथ ही लोगों का निशुल्क नेत्र जांच, सिम्युलेटर से वाहन दक्षता, स्टाॅल पर विभागीय योजनाओं की जानकारी इत्यादि भी दी जा रही है. मंत्री श्री कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी के लिए जरूरी है. विभाग द्वारा एक महीने का सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से लाखों लोग जागरूक हुए। ये कोशिश आगे भी जारी रहेगी.
यहां ‘सावधानी हटी, दुर्घटना घटी’ पर कठपुतली डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से वाहन चलाते हुए सावधानी बरतने का संदेश दिया जा रहा है. साथ ही दर्शकों के बीच हेलमेट, रोड सेफ्टी बैंड, चाबी रिंग इत्यादि का वितरण किया गया. बच्चों और युवाओं के लिए पेंटिंग, क्विज, पजल गेम, स्लोगन और संगीत गायन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुई. यहां मुख्य आकर्षण का केंद्र जल परिवहन की अपार संभावनाओं को दर्शाते हुए वाटर मेट्रो, सामुदायिक जेटी इत्यादि का माॅडल रहा. पवेलियन के मुख्य द्वार पर 2 फीट ऊंचा 3डी वाटर मेट्रो का मॉडल है. यहां राज्य के सात राष्ट्रीय जलमार्गों गंगा, गंडक, सोन, कोसी, घाघरा, पुनपुन और कर्मनाशा नदियों को भी आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है. इसके साथ ही दर्शकों को सामुदायिक जेटी, कार्गो शिप, रो-रो शिप (माल परिवहन), रो-पैक्स (माल और यात्री दोनों परिवहन), यात्री परिवहन और तट आधरित सुविधाओं की पूरी जानकारी विभागीय अधिकारियों द्वारा दी जा रही है.
एससी-एसटी विभाग के स्टॉल पर विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी
बिहार दिवस 2026 के अवसर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग एवं बिहार महादलित विकास मिशन की ओर से स्टॉल में विशेष प्रदर्शनी. इन स्टॉल में विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई है. स्टॉल का उद्घाटन करते हुए के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने स्टॉल में मौजूद चीजों का जायजा लिया. उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि गांधी मैदान में आयोजित प्रदर्शनी में “सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड मॉडल” को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है. इसके साथ ही “डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय” की उपलब्धियों और उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला गया. बताया गया कि इन विद्यालयों के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके. कार्यक्रम के दौरान विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई और लोगों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया. साथ ही विभागीय प्रकाशन, ब्रोशर एवं सूचना सामग्री का वितरण कर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया.
