Ranchi: पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्र ने आगामी त्योहार ईद, सरहुल एवं रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर समीक्षा बैठक की. इस बैठक में एडीजी अभियान, आईजी अभियान, आईजी प्रोविजन, बोकारो जोन के आईजी, विशेष शाखा एसपी भौतिक रूप से एवं सभी जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी, एसएसपी, एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे. बैठक में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए जिलावार विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की गयी. सभी एसएसपी, एसपी ने आगामी त्यौहार के मद्देनजर सांप्रदायिक दंगों से संबंधित दर्ज मामले एवं लंबित वारंटों और कुर्की जब्ती के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी दिया. आगामी त्योहार ईद, सरहुल एवं रामनवमी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी एवं बलों की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति के साथ धार्मिक स्थलों के आस-पास की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई के बारे में बताया गया. सीसीटीवी का अधिष्ठापन तथा ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन, जुलूस मागों में लगातार प्रकाश एवं पब्लिक संबोधन सिस्टम की व्यवस्था करने, संयुक्त नियंत्रण कक्ष तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, जिला एवं थाना स्तरीय शांति समिति की बैठक के साथ विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में की जाने वाली अन्य कार्रवाई से संबंधित जानकारी दी गई.

डीजीपी ने सभी जिलों को राज्य में आगामी त्योहारों के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा है. जुलूस के मार्गों के भौतिक सत्यापन, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस का ड्रोन से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है. वैसे जिले जहाँ पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, घटित स्थलों पर बलों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति करने के साथ-साथ लंबित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले का निष्पादन करने को कहा गया है. सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी तरह की अफवाह फैले तो तत्काल उसका सत्यापन करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

डीजीपी ने महिला सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने, वीवीआईपी मूवमेंट में प्रभावी सुरक्षा प्रदान करने, जिला नियंत्रण कक्ष को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करने तथा हॉट स्पॉट जगहों को चिन्हित कर उस पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया है. सीसीटीवी, ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था करने, सुरक्षा बलों के लिए भोजन, पानी, आवासन आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है. अवैध मादक पदार्थों, शराब के विरूद्ध छापामारी करने का निर्देश सभी एसएसपी व एसपी को दिया गया है. साथ ही सभी जोनल आईजी व डीआईजी को आगामी त्यौहार के मद्देनजर अपने स्तर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed