Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को पटना जिला के बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि निर्माणाधीन 2 लेन आरओबी का निर्माण कार्य इस महीने पूर्ण हो जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएच- 30 एवं एसएच-106 को जोड़ने वाले इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करें. इस योजना के पूर्ण होने से पटना-बख्तियारपुर पुराना पथ (एसएच-106) तथा पटना-बख्तियारपुर नया फोर लेन (एनएच-30) आपस में जुड़ जायेंगे, जिससे दोनों तरफ के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और समय की बचत होगी. बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा यातायात सुगम होगा. उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को पुराने एवं नये दोनों पथों से सीधी सम्पर्कता हो जायेगी, जिससे छात्रों एवं शिक्षकों को आवागमन में काफी सुविधा होगी.
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बख्तियारपुर के नये भवन के निर्माण कार्य कार्य का भी जायजा लिया. यह भवन पांच मंजिला बनाया गया है, जिसमें 45 वर्ग कक्ष हैं. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें ताकि छात्रों के पठन-पाठन में सुविधा हो. मुख्यमंत्री ने गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन का भी जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बचपन में इसी स्कूल में पढ़ते थे. हमारी पुरानी यादें इससे जुड़ी हैं. मुख्यमंत्री ने इसी स्कूल परिसर के पास स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्व० डुमर सिंह की प्रतिमा स्थल के पास बनाये जा रहे पार्क निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया.
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन बख्तियारपुर (करजान)-ताजपुर (समस्तीपुर) फोर लेन पुल एवं पहुंच पथ का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अथमलगोला प्रखण्ड के करजान (बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन बाईपास) से कल्याणपुर होते हुए गंगा नदी के तट तक जाकर निर्माणाधीन बख्तियापुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस फोर लेन पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इस साल के अंत तक पूर्ण हो जायेगा.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूर्ण करें. यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी को सुगम बनाने एवं आमजन के आवागमन को सहज करने में अहम साबित होगा. इस पुल के निर्माण से महात्मा गांधी सेतु एवं राजेंद्र सेतु पर यातायात का दवाब भी कम होगा तथा लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी. इसके माध्यम से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक तथा प्रमुख चिकित्सा संस्थानों तक जाने में समय की बचत होगी। यह पुल समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय की ओर से आवागमन करनेवाले वाहनों का एक वैकल्पिक मार्ग होगा.
बता दे कि बख्तियारपुर (करजान) ताजपुर (समस्तीपुर) फोर लेन पुल एवं पहुंच पथ पटना जिला के करजान (बख्तियारपुर) के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ-31 से प्रारंभ होकर समस्तीपुर जिला के ताजपुर तक राष्ट्रीय उच्च पथ-28 को जोड़ता है. इस पथ की कुल लम्बाई 51.26 किलोमीटर है जिसमें गंगा नदी पर पुल की लम्बाई 5.51 किलोमीटर एवं पहुँच पथ की लम्बाई 45.75 किलोमीटर है.
