Patna: हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार कर लिया गया है. सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार आधी रात मंदिरी स्थित उनके आवास से पटना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि 1995 में धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लेने से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान सांसद के आवास पर काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा होते रहा. हिरासत में लिए जाने के वक्त पप्पू यादव ने अपनी सेहत को लेकर चिंता जताई और सुरक्षा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें नहीं पता आगे उनके साथ क्या होगा. उन्होंने यह भी कहा कि वह बीमार हैं और सीधे अदालत जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस से जब बहस हो रही थी तो पप्पू यादव बिल्कुल शांत कुर्सी पर बैठे थे. इंस्पेक्टर दीपक के व्यवहार से सांसद पप्पू यादव भी नाराज दिखे. उन्होंने बोला कि आप ऐसा मत करिए. ऐसे नहीं होगा. फिर पप्पू यादव के समर्थकों और इंस्पेक्टर दीपक के बीच बहस भी हुई. पप्पू यादव ने कहा कि मुझे तो पता भी नहीं था कि आप कौन हैं. आपको तो कुर्सी दिया गया कि आप बैठ जाइए. इस बीच बहस बढ़ती चली गई. पप्पू यादव ने कहा कि आपका वर्जन गलत था. वारंट लेकर आए गर्दनीबाग थाने के स्टाफ और पप्पू यादव के समर्थकों में बात बढ़ती चली गई. तभी पीछे खड़े पप्पू यादव के एक समर्थक ने जोर-जोर बोलना शुरू कर दिया कि का (क्या) कर लीजिएगा, वर्दी में भी आप नहीं हैं. विवाद बढ़ता देख कुर्सी पर शांत बैठे पप्पू यादव खड़े हो गए. मामले को संभालने की कोशिश करने लगे. गर्दनीबाग थाने से वारंट की तामिल कराने आए पुलिस वाले भी रौब दिखाने लगे. बोलने लगे- ऐसे बात मत कीजिए आप. पप्पू यादव का समर्थक कह रहा था कि आप अपना काम कीजिए बदतमीजी मत कीजिए. वर्दी में भी आप नहीं हैं. पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि राज्य की नीतीश कुमार सरकार की आलोचना करने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
वही पटना सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने कहा कि मामला गर्दनीबाग थाना से जुड़ा है. कोर्ट के आदेश के बाद भी सांसद पप्पू यादव उपस्थित नहीं हुए. इस कारण कोर्ट ने इनकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है. हम लोग गिरफ्तार करने आए हैं.
