Patna: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को दो जिलों में कार्रवाई करते हुए दो राजस्व कर्मचारी को 80 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. नालंदा जिले के राजगीर अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह को 45,000 और नवादा जिले के रोह अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35,000 रूपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
निगरानी से मिली जानकारी के अनुसार नालंदा के छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना निवासी राजीव कुमार पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया था कि आरोपी राजस्व कर्मचारी जमीन का परिमार्जन करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो जब शिकायत का सत्यापन कराया तो रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया. इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-012/26) में मामला दर्ज किया गया. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल कार्रवाई करते हुए राजगीर अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी अखिलेश साह को 45,000 रूपये रिश्वत लेते हुए छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के पास से गिरफ्तार किया.
नवादा के रोह थाना क्षेत्र के बेलडीह निवासी मन्टू कुमार ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया था कि आरोपी राजस्व कर्मचारी द्वारा जमीन का परिमार्जन करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है. ब्यूरो जब शिकायत का सत्यापन कराया आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया. इस संबंध में निगरानी थाना (कांड सं0-013/26) में मामला दर्ज किया गया. अनुसंधानकर्ता के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया. धावादल कार्रवाई करते हुए नवादा के रोह अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35,000 रुपया रिश्वत लेते हुए सीतापुर वंशीचक मोड़ से गिरफ्तार किया.
