Patna: मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले योग्य छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना का लाभ देने के लिए 15 फरवरी तक आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. शिक्षा विभाग ने छुटे हुए पात्र लाभुकों से निर्धारित तिथि के अंदर मेधासॉफ्ट पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने का आदेश दिया है. ताकि योजना का लाभ उन्हें प्रदान किया जा सके.
विदित हो कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले योग्य छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्या उत्थान और मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत राशि देती है. इसमें विभिन्न योजनाओं के लिए राज्य सरकार ने अलग-अलग राशि निर्धारित किया है. बताया जाता है कि यह पोर्टल 15 अगस्त 2025 से खुला हुआ है, जिसमें सभी पात्र छात्र-छात्राओं की जिलावार और संस्थानवार विवरण अपलोड कर दिया गया है. समीक्षा के दौरान पाया गया कि इसमें बहुत सारे पात्र लाभुकों ने इस पोर्टल पर लॉगिंग कर अपना रजिस्ट्रेशन नहीं किया है. इसको देखते हुए शिक्षा विभाग ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले पात्र लाभुकों को 15 फरवरी के अंदर पोर्टल पर लॉगिंग करने का आदेश दिया है. विभाग ने कहा है कि निर्धारित तिथि तक उक्त पोर्टल पर लॉगिंग नहीं करने वाले लभुक योजना से वंचित हो जाएंगे.
