Patna: गाली-गलौज करने और झूठे मामले में फंसाने के बदले रुपये मांगने वाले पूर्णिया उत्पाद विभाग के निरीक्षक समेत चार कर्मी को निलंबित कर दिया गया है. आयुक्त रजनीश कुमार सिंह के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है. इनमे निरीक्षक सुमन कांत झा, अवर निरीक्षक चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दिनेश कुमार दास और सिपाही प्रदीप कुमार का नाम शामिल है.
यह कार्रवाई आयुक्त उत्पाद-सह-निबंधन महानिरीक्षक रजनीश कुमार सिंह को भेजे उस शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें पूर्णिया जिले के सोनू कुमार पोद्दार ने 1 दिसम्बर की रात को व्हाट्सएप पर एक आवेदन और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजकर आरोप लगाया था. शिकायत में निरीक्षक सुमन कांत झा, अवर निरीक्षक चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दिनेश कुमार दास, और सिपाही प्रदीप कुमार पर गाली-गलौज करने और झूठे मामले में फंसाने के बदले धन की मांग का आरोप लगाया गया था. शिकायत मिलने के बाद पूर्णिया के सहायक आयुक्त को आयुक्त ने जांच का आदेश दिया. ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच के बाद चारों उत्पाद कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा गया. जांच अधिकारी ने ऑडियो में पैसे के लेन-देन से संबंधित बातचीत की पुष्टि की. चारों अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया. जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद चारों को निलंबित कर दिया गया. रजनीश कुमार सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अन्य प्राप्त शिकायतों की भी जांच जारी है, और सत्यता प्रमाणित होने पर भ्रष्टाचार में संलिप्त कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भ्रष्ट अधिकारियों को सचेत करते हुए, निर्देश दिया कि सरकार द्वारा नशे के कारोबार पर रोक लगाने के प्रयासों का इस्तेमाल किसी भी सूरत में निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए.
