Patna: बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) द्वारा आज आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला “Sexual Harassment of Women at Workplace (Prevention, Prohibition and Redressal) Act, 2013 (POSH Act)” के दौरान “ऑपरेशन नया सवेरा” अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सारण जिला को राज्य में प्रथम स्थान प्रदान किया गया. इस अवसर पर डीजीपी विनय कुमार ने इस उपलब्धि पर सराहनीय नेतृत्व और कार्य कुशलता के लिए सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई से 14 अगस्त 2025 तक चले इस विशेष अभियान के तहत सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा, थिएटर समूहों में फंसी पीड़िताओं को मुक्त कराने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की. सारण जिले में इस दौरान ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश किया गया तथा 29 नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से आजाद कराया गया. साथ ही संगठित अपराधियों की गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई सुनिश्चित की गई.

एडीजी कमजोर वर्ग द्वारा इस अवसर पर सारण पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई और आशा व्यक्त की सारण पुलिस भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कमजोर वर्गों की रक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों का संरक्षण तथा संगठित अपराधों के उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी. यह उपलब्धि सारण पुलिस की टीम वर्क, प्रभावी नेतृत्व एवं समाज के प्रति समर्पण का प्रमाण है. बिहार पुलिस कमजोर वर्गों के उत्थान एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए कटिबद्ध है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed