Patna: जमुई में कचहरी चौक के पास आधार केद्र में चल रहे फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए साईबर थाना पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में खैरा थाना क्षेत्र के चंदन कुमार और चंदन कुमार का नाम शामिल है. मौके पर से रजिस्ट्रेशन संख्या अंकित करने वाले फर्जी टूल्स, 2 लैपटॉप, 1 डेस्कटॉप, 3 प्रिंटर, 2 कीबोर्ड, उपाधीक्षक सह रजिस्टार जन्म मृत्यु सदर अस्पताल जमुई के नाम का फर्जी मोहर रबर, 1 रेटिना स्क्रीनिंग टूल्स, 1 बायोमेट्रिक स्कैनर, 7 कंप्यूटराइज्ड फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, 41 फर्जी आधार इनरोलमेंट फॉर्म हाथ से भरा हुआ, 21 फर्जी आवास प्रमाण पत्र, 20 फर्जी आधार इनरोलमेंट फॉर्म ब्लैंक, 6 पीस हाथ से भरा हुआ जन्म प्रमाण पत्र जो फर्जी मोहर एवं हस्ताक्षर किया हुआ, 15 पीस फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, 7 पीस फॉर्म नंबर 05 आधार संशोधन प्रपत्र पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जमुई साइबर थाना को गुप्त सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति कचहरी चौक के पास जाली जन्म प्रमाण पत्र बनाने का काम कर रहे है. सूचना पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व मे एक एसआईटी का गठन किया गया. गठित टीम मौके पर पहुंचकर सूचना का सत्यापन किया. सत्यापन पश्चात यह पाया गया कि कचहरी चौक स्थित जंगलिया बाबा मार्केट मे चन्दन आधार केंद्र मे फ़र्ज़ी दस्तावेज़ बनाया जा रहा था. पूछताछ के क्रम मे यह बात प्रकाश मे आई कि आरोपी ने फर्जी तरीके से जाली सील, सिग्नेचर कर के जन्म प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र आदि बनाता है. और फिर उन्ही दस्तावेज़ का उपयोग कर बच्चो का आधार कार्ड बनाया जाता है. इस सम्बन्ध मे जमुई साइबर थाना (कांड संख्या-51/25) में मामला दर्ज किया गया है.
