Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना के राजेन्द्र नगर में 21 एकड़ के भू-खण्ड पर नवनिर्मित डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम साईंस सिटी का उद्घाटन किया. उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित अब्दुल कलाम साइंस सिटी के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया. कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम साईंस सिटी के निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित 5 गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्श, ऑडिटोरियम, 4 डी थियेटर तथा छात्रों एवं शिक्षकों के लिये डोरमेट्री की सुविधा प्रमुख आकर्षण केन्द्र हैं.
मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी बहुत अच्छा बना है. इसके निर्माण कार्य को हमने कई बार देखा है. लंदन में अधिकारियों के साथ जाकर हमने वहां के साइंस सिटी का भी निरीक्षण किया था. इसके निर्माण को लेकर कई विशेषज्ञों की राय ली गयी है. इस साइंस सिटी को विशिष्ट आइडियाज के साथ बनाया गया है. यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक ऐसा आधुनिक केन्द्र बना है जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेगा. देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिये यह आकर्षक और अनूठा केन्द्र होगा. डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार के विश्व के बेहतरीन केन्दों में से अपने आप में विशिष्ट होगा. साईंस सिटी का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् यहां आनेवाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और विज्ञान के सिद्धांतों को सरलता से समझने में सुविधा होगी तथा विज्ञान में उनकी रूचि बढ़ेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने इस साइंस सिटी का नामकरण महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर किया है. डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम जी का बिहार के प्रति विशेष लगाव था. हमारे मन में भी उनके प्रति विशेष श्रद्धा थी और हमारे प्रति भी वे स्नेह रखते थे.
