Patna: अपराधियों की नकेल कसने के उद्देश्य से राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विगत 10 व 11 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में एसपी व अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्त्व चलाए गए विशेष समकालीन अभियान में 747 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. इसमें 424 वैसे आरोपी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट पहले से जारी किया जा चुका था. इस अभियान में पुलिस को कई अन्य सफलताएं हासिल हुई हैं.
राज्य पुलिस मुख्यालय से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार वाहन जांच के क्रम में 51 हजार लीटर देसी, 1263 विदेशी और 30,145 लीटर जावा महुआ भी जब्त किये गए हैं. साथ ही, शराब के नशे में धुत्त 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इतना ही नहीं, पुलिस को अपने इस अभियान में वाहनों की तलाशी के दौरान 600 ग्राम स्मैक और 54.45 किलो गांजा और 14 लीटर कफ सिरप बरामद करने में सफलता मिली है.
अभियान में पुलिस ने हथियारों के साथ चलने वाले अपराधियों के पास से सात हथियार और दो खोखे भी बरामद किये हैं. हथियारों की बरामदगी राजधानी पटना, भोजपुर, खगड़िया, समस्तीपुर और अररिया से की गई है. राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार इस अभियान के दौरान दो देसी शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया है. इस सघन समकालीन अभियान के दौरान राज्यभर मे 51 हजार, 225 वाहनों की तलाशी ली गई है. इन वाहन मालिकों पर 98 लाख, 54 हजार, 100 रूपये का जुर्माना भी ठोंका गया है. इनमें 76 वाहन ऐसे भी हैं, जिनकी पुलिस को तलाश थी. बताया जाता है कि इन वाहनों से पूर्व में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया गया है.
