Ranchi: सरगना राहुल सिंह एवं जेल में बन्द बजरंगी के कहने पर लातेहार के पन्नाटाँड़ स्थित जंगल में लेवी के लिए जुटे 7 अपराधी को चंदवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में लातेहार थाना क्षेत्र के कुरा निवासी रोहित कुमार लोहरा, उम्र 20 वर्ष, पिता द्वारिका लोहरा, कुन्दन तुरी, चन्दनडीह निवासी विशाल लोहरा, चटनाही निवासी विनय गुप्ता, हेठलोटो निवासी विक्रांत सिंह, चंदवा थाना क्षेत्र के बुल्हु निवासी शुभम लोहरा, बालूमाथ थाना क्षेत्र के कुरियाम कला निवासी प्रमोद लोहरा का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर 1 देशी पिस्तौल, 19 गोली, 8 मोबाइल और 2 बाइक पुलिस ने बरामद किया है.
पकड़े गए अपराधी 9 मई को बोरसीदाग स्थित प्रा इंडिया पीवीटी. एलटीडी कंपनी द्वारा रोड निर्माण कार्य में लगे मजदूरों पर फायरिंग की थी. इन अपराधियों ने ही 15 मई को लातेहार में एमजी कॉन्ट्रैक्टर्स पीवीटी एलटीडी कंपनी के साइट पर भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. प्रा इंडिया पीवीटी. एलटीडी से लेवी नहीं मिलने के कारण सरगना राहुल सिंह एवं जेल में बन्द बजरंगी उर्फ दीपक मेहता के कहने पर सभी पन्नाटाँड़ स्थित जंगल में जमा हुए थे. सोमवार को लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली कि पकड़े गए अपराधी अमझरिया स्थित कैंप पर पुनः लूटपाट एवं लेवी रंगदारी वसूलने के लिए पन्नाटाँड़ स्थित जंगल में बैठकर योजना बना रहा है. सूचना पर लातेहार एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. विशेष टीम छापामारी कर योजना बना रहे सातों अपराधियों को गिरफ्तार किया.
