Gaya: गया के आमस थाना पुलिस ने फर्जी तरीके से नम्बर प्लेट, चेचिस नम्बर एवं वाहनों के पार्ट-पुर्जा को बदलकर खरीद-बिक्री करने के मामले में 28 वाहनों को जप्त किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून को आमस थाना को गुप्त सूचना मिली कि बाबा मोटर्स के संयोजक एवं उनके सहयोगी बड़े पैमाने पर चोरी के वाहनों में छेड़छाड़ कर खरीद-बिक्री कर रहे हैं.
सूचना पर शेरघाटी-01 एसडीपीओ के नेतृत्व में अकोना मोड़ से करीब 200 मीटर पश्चिम, एन.एच.-02 के दक्षिणी लेन में स्थित बाबा मोटर्स के यार्ड एवं हमजापुर इमामगंज मोड़ के पास स्थित बाबा मोटर्स के वर्कशॉप पर छापामारी की गई. छापामारी के क्रम में बाबा मोटर्स के यार्ड से 26 बड़ी गाड़ियां (चालू एवं बिगड़ी हुई अवस्था) एवं वर्कशॉप के पास से दो बड़ी गाड़ियां समेत 28 गाड़ियां बरामद की गईं. जिस संबंध में आमस थाना सनहा संख्या-0081 दर्ज करते हुए इन गाड़ियों की जांच शुरू की गई. बाबा मोटर्स के संयोजक एवं सहयोगी से बरामद वाहनों के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए मोबाइल पर संपर्क किया गया. जहां उनके द्वारा जल्द ही सभी कागजात प्रस्तुत करने का झूठा आश्वासन दिया. लेकिन बाद में मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया. इसके बाद बाबा मोटर्स के संयोजक एवं सहयोगियों को कागजात प्रस्तुत करने के संबंध में आमस थाना से नोटिस भी भेजा गया. मामले को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी से संपर्क के पश्चात टाटा मोटर्स के ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर के जनरल मैनेजर को जांच के लिए कहा गया. टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर के जीएम ने सभी बरामद गाड़ियों की जांच ई.सी.एम. (इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल मॉड्यूल) के आधार पर कराया. जिसमें आठ गाड़ियों का इंजन नंबर और चेचिस नंबर ई.सी.एम. के आधार पर भिन्न पाया गया. बरामद सभी गाड़ियों के सत्यापन में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया, जिसमें चेसिस और इंजन की अदला-बदली, रि-पंचिंग, फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग, पार्टस एवं पूर्जी का गलत तरीके से असेंबल कर वाहनों की खरीद-बिक्री की जाती थी. इस संबंध में आमस थाना (कांड संख्या-178/25) में मामला दर्ज किया गया है.
पूर्व में बाबा मोटर्स के संयोजक एवं सहयोगी के विरुद्ध चाइबासा के झीकापानी थाना (कांड संख्या-23/24) में भी मामला दर्ज किया गया था.
